राजिम। ऐतिहासिक एवं प्राचीन औद्योगिक नगरी राजिम स्थित शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एनएसई और छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त तत्वावधान में स्टूडेंट स्किलिंग प्रोग्राम के अंतर्गत सर्टिफिकेट प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. सविता मिश्रा ने कहा कि नई शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत स्किल एन्हांसमेंट प्रोग्राम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को रोजगारोन्मुखी कोर्स से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण बैंकिंग सेक्टर, म्यूचुअल फंड, एलआईसी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की व्यवहारिक जानकारी प्रदान करेगा, जिससे विद्यार्थियों को भविष्य में लाभ मिलेगा।
नोडल अधिकारी सुश्री चित्रा खोटे ने चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं विषय विशेषज्ञ अतिथि वक्ता श्री हरीश पाल ने बैंकिंग, फाइनेंस, सर्विस और इंश्योरेंस (BFSI) सेक्टर से जुड़ी बुनियादी जानकारी साझा की। उन्होंने वित्तीय बाजार की संरचना और आधुनिक फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी पर भी प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण के दौरान एनईएफटी, आरटीजीएस, आईएमपीएस, यूपीआई, ऋण सुविधा, बीमा उद्योग और चेक के प्रकार जैसे विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के बाद पंजीकृत छात्र-छात्राओं की परीक्षा होगी, जिसमें सफल प्रतिभागियों को एनएसई द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ प्रोफेसर एम.एल. वर्मा का विशेष मार्गदर्शन रहा। साथ ही डॉ. अश्वनी साहू, हनी सिंह पाटकर, सुश्री निधि बग्गा और डाहरू सोनकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में 60 से अधिक पंजीकृत छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। यह प्रशिक्षण चार दिनों तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती क्षमा शिल्पा मसीह, सहायक प्राध्यापक (राजनीति विज्ञान) द्वारा किया गया।

