Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

सरगुजा विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन, जीरो अंक मिलने पर उठाई आपत्ति

सरगुजा के संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में गुरुवार को सैकड़ों छात्रों ने परीक्षा परिणाम को लेकर प्रदर्शन किया। छात्र उत्तर पुस्तिका का पुनर्मूल्यांकन और रिचेकिंग की तारीख आगे बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

दरअसल, विश्वविद्यालय ने सत्र 2023-24 की परीक्षा का परिणाम घोषित किया था। बीएससी बॉटनी और केमिस्ट्री समेत अन्य विषयों के परिणाम देखकर छात्र हैरान रह गए। कई छात्रों को शून्य नंबर दिए गए हैं, जबकि कई उपस्थित छात्रों को अनुपस्थित करार दिया गया है।

इस मामले को लेकर कुछ दिन पहले छात्रों ने विश्वविद्यालय को ज्ञापन सौंपा था। लेकिन उचित कार्रवाई नहीं होने पर गुरुवार को सैकड़ों छात्रों ने रैली निकाली और विश्वविद्यालय का घेराव किया। छात्र नेताओं और छात्रों ने विश्वविद्यालय के कुल सचिव से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और समाधान का आग्रह किया।

छात्रों ने फोन के माध्यम से सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज से भी बात की। छात्रों की बात सुनने के बाद सांसद ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से बात कर समस्या के निराकरण पर चर्चा करने की बात की है।

विश्वविद्यालय के कुल सचिव ने कहा है कि छात्र परीक्षा परिणाम को लेकर असंतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि प्रोफेसरों से उत्तर पुस्तिकाओं की फिर से जांच कराई गई है, लेकिन सभी छात्रों के नंबर वही रहे हैं।

Exit mobile version