Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि से गर्मी से राहत

Chhattisgarh Weather

Chhattisgarh Weather

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। सुबह तेज गर्मी महसूस की गई, लेकिन दोपहर करीब 3:30 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने आज भी बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी और मध्य भारत में सक्रिय सिस्टम के कारण प्रदेश में नमी बढ़ी है। गर्म मौसम के बीच नमी के प्रवेश से स्थानीय स्तर पर बादल बन रहे हैं, जिसके चलते कई जगहों पर बारिश और ओले गिरने की स्थिति बन रही है। शुक्रवार को रायपुर में दोपहर बाद बारिश दर्ज की गई, वहीं अंबिकापुर में लगभग 6 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा जगदलपुर, पेंड्रारोड और माना एयरपोर्ट क्षेत्र में भी हल्की बारिश हुई।

तापमान की बात करें तो रायपुर में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। बिलासपुर में तापमान 38.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री ज्यादा है। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान 36 से 40 डिग्री के बीच रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शनिवार को रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा संभाग में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार जताए गए हैं।

Exit mobile version