कवर्धा में गन्ना किसानों को 5.97 करोड़ का भुगतान, नवरात्रि पर बड़ी राहत

कवर्धा। चैत्र नवरात्रि के मौके पर गन्ना किसानों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, राम्हेपुर ने किसानों को 5.97 करोड़ रुपये का भुगतान जारी किया है। इसके साथ ही चालू सत्र में अब तक कुल 57.48 करोड़ रुपये किसानों को दिए जा चुके हैं, जिससे क्षेत्र में संतोष और भरोसे का माहौल है।

कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में भुगतान प्रक्रिया लगातार जारी है, जिससे सहकारी व्यवस्था पर किसानों का विश्वास मजबूत हो रहा है। कारखाना प्रबंधन का कहना है कि समय पर भुगतान से किसानों की आर्थिक स्थिति बेहतर हो रही है और कारखाने का संचालन भी सुचारु बना हुआ है।

चालू पेराई सत्र में अब तक 2.55 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 3.09 लाख क्विंटल शक्कर का उत्पादन किया जा चुका है, जो किसानों और प्रबंधन के बेहतर समन्वय का परिणाम है।

कारखाने द्वारा किसानों और श्रमिकों के हित में कई सुविधाएं भी दी जा रही हैं, जिनमें बोनस, रियायती दर पर शक्कर, उन्नत बीज, प्रशिक्षण, आवास और 5 रुपये में भोजन जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। यह कारखाना क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ रोजगार और कृषि विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

You May Also Like

More From Author