रायपुर। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए दक्षिण मध्य रेलवे और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दो विशेष समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों से बिहार, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों के यात्रियों को राहत मिलेगी।
चर्लापल्ली-दानापुर स्पेशल ट्रेन का संचालन
दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा गाड़ी संख्या 07089 चर्लापल्ली-दानापुर स्पेशल ट्रेन का एक विशेष फेरा चलाया जाएगा। यह ट्रेन 27 मई 2026, बुधवार को दोपहर 1 बजे चर्लापल्ली से रवाना होगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए अगले दिन रात 11:55 बजे दानापुर पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान ट्रेन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। चांदाफोर्ट स्टेशन पर शाम 8:10 बजे आगमन और 8:12 बजे प्रस्थान, गोंदिया में रात 11:45 बजे आगमन और 11:55 बजे प्रस्थान, बालाघाट जंक्शन पर रात 12:40 बजे आगमन तथा नैनपुर में रात 2:20 बजे आगमन निर्धारित किया गया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में कुल 24 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 3 एसी टू-टियर, 5 एसी थ्री-टियर, 10 स्लीपर, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 एसएलआर कोच शामिल रहेंगे।
बिलासपुर-पोत्तनूर समर स्पेशल ट्रेन भी चलेगी
रेलवे प्रशासन ने बिलासपुर और पोत्तनूर के बीच एक तरफा समर स्पेशल ट्रेन चलाने की भी घोषणा की है। गाड़ी संख्या 08201 बिलासपुर-पोत्तनूर समर स्पेशल ट्रेन 28 मई 2026, गुरुवार को रात 9:10 बजे बिलासपुर से रवाना होगी।
यह ट्रेन रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, बल्लारशाह, वरंगल, विजयवाड़ा, गूडूर, रेणिगुंटा, काटपाडी, जोलारपेट्टई, सेलम और ईरोड सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी और तीसरे दिन सुबह 9:45 बजे पोत्तनूर पहुंचेगी।
इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 16 स्लीपर कोच, 2 सामान्य श्रेणी कोच और 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा और राहत मिलेगी।

