सूरजपुर। नयनपुर स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज एंड एग्रो प्रोजेक्ट में हुए हादसे ने तीन परिवारों का सहारा छीन लिया। शनिवार सुबह हुए इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर का इलाज अभी अस्पताल में जारी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर एस. जयवर्धन ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है, जो अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में तीन बिंदुओं पर जांच करेगी और 19 दिसंबर तक अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे कोल्ड स्टोरेज में मजदूर काम कर रहे थे, तभी अचानक एक दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में चार मजदूर आ गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि इलाज के दौरान एक अन्य मजदूर की भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान विफल (भटगांव), भोल सिंह (ग्राम डेडरी) और वेद सिंह (बेल्टिकरी भूमिहारपारा) के रूप में हुई है। घायल मजदूर सुरेंद्र (रामनगर) का अस्पताल में उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर एस. जयवर्धन और एसएसपी प्रशांत ठाकुर मौके पर पहुंचे। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने कोल्ड स्टोरेज बंद करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।