Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

पहली ही बारिश में बहा निर्माणाधीन रपटा, गुणवत्ता पर उठे सवाल; कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर विकासखंड में पहली ही तेज बारिश ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। धोन्धा–गोविंदपुर–रमकोला मार्ग पर पीडब्ल्यूडी सेतु संभाग द्वारा बनाया जा रहा निर्माणाधीन रपटा नदी के तेज बहाव में बह गया। इससे पहले इसी मार्ग पर करोड़ों रुपये की लागत से बनी पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है।

ग्रामीणों का कहना है कि रपटा लगभग तैयार हो चुका था और उस पर आवागमन भी शुरू हो गया था। वहीं विभाग का दावा है कि निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ था। भारी बारिश के चलते नदी का जलस्तर बढ़ने से रपटा बह गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रैना जमील ने जांच के आदेश देते हुए विशेष जांच दल का गठन किया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उधर, जनपद पंचायत भैयाथान के ग्राम डबरीपारा में गोबरी नदी पर 15 लाख रुपये की लागत से बना रपटा भी पहली ही बारिश में ढह गया। इससे कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है और ग्रामीणों, विद्यार्थियों व मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और जल्द वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था की मांग की है।

Exit mobile version