रायपुर। बस्तर के बाद अब सरगुजा में आयोजित हो रहे खेल आयोजन ‘सरगुजा ओलंपिक’ को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच एक बार फिर सियासी तकरार तेज हो गई है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह गारंटी दे कि सरगुजा ओलंपिक में बस्तर की तरह कोई घोटाला नहीं होगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मार्च-अप्रैल की भीषण गर्मी में इस तरह का आयोजन कर युवाओं को परेशानी में डाला जा रहा है। उनका कहना है कि खेल प्रतियोगिताएं आमतौर पर ठंड के मौसम में आयोजित की जाती हैं, जबकि इस समय प्रदेश में परीक्षाएं भी चल रही हैं, ऐसे में युवाओं की भागीदारी प्रभावित होगी।
बैज ने आगे कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि यह आयोजन पारदर्शी तरीके से होगा और इसमें जनता के पैसे का दुरुपयोग नहीं किया जाएगा।
वहीं, सरगुजा ओलंपिक के शुभारंभ के लिए रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इन आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पांच साल तक प्रदेश को लूटा, उन्हें ऐसी बातें करना शोभा नहीं देता।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अवसर दिया जा रहा है। यह तीन दिवसीय संभाग स्तरीय आयोजन है, जिसका आज शुभारंभ हो रहा है। इसके साथ ही अंबिकापुर में कृषक सम्मेलन का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। साथ ही कुदरगढ़ महोत्सव भी आयोजित किया जा रहा है।

