रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 1 मई से शुरू होने वाले ‘सुशासन तिहार’ को लेकर सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं। इस अभियान के तहत 1 मई से 10 जून तक प्रदेशभर में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान और योजनाओं का लाभ वितरण किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत समूह और शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का एक माह के भीतर निराकरण कर आवेदकों को जानकारी देना अनिवार्य होगा।
मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और अधिकारी समय-समय पर शिविरों का निरीक्षण करेंगे और विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। साथ ही जिला स्तर पर बैठकों के जरिए योजनाओं की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।



