दुर्ग। जनपद पंचायत दुर्ग के सीईओ रूपेश पांडेय के निलंबन के बाद मामला राजनीतिक रूप लेता नजर आ रहा है। भाजपा नेता एवं पूर्व सरपंच पुराण देशमुख के साथ विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने उन्हें निलंबित कर दिया।
निलंबन के बाद रूपेश पांडेय ने पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कार्रवाई को एकपक्षीय बताते हुए कहा कि उन्हें अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला। पांडेय ने कहा कि वे इस मामले में मुख्य सचिव से मुलाकात करेंगे और निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। जरूरत पड़ने पर हाईकोर्ट का रुख भी करेंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा नेता पुराण देशमुख और रूपेश पांडेय के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद प्रशासन ने निलंबन की कार्रवाई की। अब इस मामले को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।


