तखतपुर जनपद पंचायत में बायोमैट्रिक अनियमितता, सीईओ की मनमानी उजागर

तखतपुर। जनपद पंचायत तखतपुर में सीईओ की शह पर कर्मचारियों की मनमानी उस समय उजागर हुई, जब जनपद अध्यक्ष माधवी वस्त्रकार ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम होने के बावजूद आधे से अधिक कर्मचारियों की एंट्री नहीं की गई है और वेतन भुगतान उपस्थिति के बजाय सीईओ के निर्देश पर किया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है।

मनरेगा शाखा के निरीक्षण में कई तकनीकी सहायक अनुपस्थित मिले और उपस्थिति रजिस्टर में उनके हस्ताक्षर भी दर्ज नहीं थे। जनपद अध्यक्ष ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों को रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कलेक्टर के आदेश के बावजूद बायोमैट्रिक अटेंडेंस को पूरी तरह लागू नहीं किया गया है।

निरीक्षण के दौरान जनपद सदस्यों ने भी सीईओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और शासन से कार्रवाई की मांग की।

You May Also Like

More From Author