छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जहां बीती रात एक महिला और उसके सहयोगी पुरुष को जलती चिता के पास तांत्रिक क्रिया करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बन्नाक चौक मुक्तिधाम की है, जहां तांत्रिक क्रिया करते हुए लोगों ने इन दोनों को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।
शनिवार की देर रात सिरगिट्टी के बन्नाक चौक मुक्तिधाम में एक महिला और पुरुष को जलती चिता के सामने तंत्र पूजा करते हुए देखा गया। यह देखकर आसपास के लोग डर गए, लेकिन बाद में हिम्मत जुटाकर मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने पाया कि महिला और पुरुष एक युवक-युवती की फोटो बीच में रखकर, मोमबत्ती और दिया जलाकर तांत्रिक क्रिया कर रहे थे। उनके साथ शराब, सिगरेट और अन्य सामग्री भी मौजूद थी।
इस अजीबोगरीब क्रिया को देखकर लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने दोनों की पिटाई कर दी। इसके बाद उन दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ के दौरान महिला और उसके सहयोगी पुरुष ने बताया कि यह तांत्रिक क्रिया शंकर नामक युवक के भांजे के कैंसर को ठीक करने के लिए की जा रही थी। शंकर ने अपनी परिचित महिला तांत्रिक को बाहर से बुलाया था, जो मुक्तिधाम में इस तांत्रिक पूजा का आयोजन कर रही थी।
पुलिस ने महिला और पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।