Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

शासकीय स्कूल में तंत्र क्रिया: खून से सना पक्षी और नींबू देख सन्न रह गए बच्चे-शिक्षक

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से अंधविश्वास फैलाने वाला चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बोरसी स्थित एक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने तंत्र विद्या का सहारा लेते हुए कोयल की बलि चढ़ा दी। सुबह स्कूल खुलते ही शिक्षकों और छात्रों ने स्टाफ रूम के सामने खून से सना पक्षी, नींबू, सिंदूर और रंगोली के निशान देखे, जिससे सभी में दहशत फैल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षकों ने वीडियो बनाकर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) राजेश्वरी चंद्राकर को भेजा। इसके बाद तंत्र क्रिया की काट के लिए बैगा को बुलाया गया, जिसने पूजा-पाठ कर वातावरण को शुद्ध किया। शिक्षकों ने बच्चों को समझाकर उनका डर दूर करने की भी कोशिश की।

डीईओ अरविंद मिश्रा ने इस मामले में बीईओ के माध्यम से पदमनाभपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी अज्ञात है।

इस मामले पर बीईओ राजेश्वरी चंद्राकर ने कहा कि यह घटना शरारती तत्वों द्वारा अंधविश्वास फैलाने की कोशिश है। बच्चों और शिक्षकों को समझाया गया है और आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।

Exit mobile version