Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

शिक्षक ने की शिष्या की हत्या, अवैध संबंधों का चौंकाने वाला खुलासा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के राम टोक पहाड़ पर मिली अधजली लाश की गुत्थी सुलझने के बाद सनसनीखेज खुलासा हुआ है। शिक्षक मिलन दास ने अपनी शिष्या शशि कला से अवैध संबंध बनाए थे। बाद में उसकी शादी कराई, लेकिन कुछ दिनों बाद ही शशि कला वापस लौट आई और उसके साथ रहने लगी। दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे, और इसी विवाद के चलते मिलन दास ने उसकी हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने जंगल में जलाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने इस जघन्य अपराध का पर्दाफाश कर दिया।

तीन दिन पहले मिली थी अधजली लाश

पाली थाना क्षेत्र के रावा गांव के पास राम टोक पहाड़ पर तीन दिन पहले एक युवती की अधजली लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मृतका की पहचान 28 वर्षीय शशि कला के रूप में हुई, जो ग्राम लाद की रहने वाली थी।

अवैध संबंध, शादी और फिर हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि शिक्षक मिलन दास, शशि कला का गुरु था और उसने ही उसकी शादी कराई थी। लेकिन शादी के 15 दिन बाद ही शशि अपने ससुराल से लौटकर कटघोरा में मिलन दास के साथ रहने लगी। दोनों के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे और अक्सर झगड़े होते थे।

27 फरवरी को दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ, जिसमें मिलन दास ने शशि की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या को छिपाने के लिए आरोपी ने अपने ड्राइवर के साथ शव को गाड़ी में रखा और राम टोक पहाड़ पर ले जाकर जलाने की कोशिश की। पुलिस को शक होने पर जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो मिलन दास ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी शिक्षक और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

परिजनों ने शव लेने से किया इनकार

मामले में एक और चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि मृतका शशि कला को पहले ही समाज से बहिष्कृत कर दिया गया था। इस कारण उसके परिजनों ने उसका शव लेने से इनकार कर दिया है, जिससे पुलिस के लिए यह एक नई चुनौती बन गई है।

Exit mobile version