रायपुर। महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में गिरफ्तार दक्षिणपंथी राजनीतिक टिप्पणीकार टी.जी. मोहनदास को सोमवार को जमानत मिल गई। उनकी गिरफ्तारी पर महिला कांग्रेस ने खुशी जताते हुए रायपुर में मिठाई बांटी।
जानकारी के मुताबिक, केरल निवासी और भाजपा के पूर्व राज्य बौद्धिक प्रकोष्ठ प्रमुख टी.जी. मोहनदास ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक के विरोध में चल रहे प्रदर्शन को लेकर अपने यूट्यूब चैनल पर कई वीडियो जारी किए थे। आरोप है कि इन वीडियो में उन्होंने प्रदर्शन में शामिल महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की और प्रदर्शनकारियों को लेकर हिंसक सुझाव दिए।
महिला कांग्रेस ने 29 जुलाई को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद केरल पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। हालांकि गिरफ्तारी के बाद उन्हें जमानत मिल गई।
गिरफ्तारी की जानकारी सामने आने पर महिला कांग्रेस की नेशनल कोऑर्डिनेटर प्रीति उपाध्याय शुक्ला ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिठाई बांटकर खुशी जताई। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

