रायपुर: छत्तीसगढ़ में 33 हजार शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर बेरोजगार बीएड-डीएड अभ्यर्थियों ने आज एक अनोखा प्रदर्शन किया। इन अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों के समर्थन में हवन किया और कुछ लोगों ने अपना सिर भी मुंडवा लिया।
छत्तीसगढ़ बेरोजगार शिक्षक संघ के अध्यक्ष चंदन सिंह ने बताया कि पिछली विधानसभा में 33 हजार शिक्षक भर्ती करने का वादा किया गया था, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार वादाखिलाफी कर रही है।
संगठन के मुताबिक, 70 हजार से अधिक अभ्यर्थी नौकरी के लिए निर्धारित आयु सीमा पार कर चुके हैं और अब वे अपात्र हो गए हैं। चंदन सिंह ने कहा कि अगर जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो एक लाख से अधिक अभ्यर्थी आयु सीमा के कारण नौकरी के लिए अपात्र हो जाएंगे।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि प्रदेश में 75 हजार से अधिक शिक्षकों के पद खाली हैं। वर्तमान में 5000 से भी कम शिक्षक 50 हजार से अधिक सरकारी स्कूलों का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैकड़ों स्कूलों में तो शिक्षक ही नहीं हैं, जिसका बच्चों की शिक्षा पर बुरा असर पड़ रहा है।
अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि अगर उन्होंने बीएड, डीएड, यूजी और पीजी की डिग्री हासिल की है तो क्या उन्होंने कोई गलती की है? उन्होंने कहा कि वे अपनी पीड़ा व्यक्त करने के लिए हवन कर रहे हैं और दुखी मन से अपना सिर मुंडवा रहे हैं।

