दंतेवाड़ा में नक्सलियों की खोखली विचारधारा को छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने के लिए आज इनामी नक्सली हरेंद्र उर्फ हुरा कुंजाम ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। हरेंद्र कुंजाम पर सरकार ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। वह PPCM (Platoon Party Committee Member) रैंक का उत्तर सब जोनल ब्यूरो राजनैतिक टीम का कमांडर था और 2015 से नक्सल संगठन में कार्यरत था।
हरेंद्र कुंजाम ने गंगालूर एरिया कमेटी में पार्टी सदस्य के रूप में और उत्तर सब जोनल ब्यूरो पीपीसीएम/राजनैतिक टीम कमांडर के पद में कार्य किया था। नक्सल संगठन में वह पार्टी सदस्यों को नक्सल संविधान, नक्सल साहित्य, समाजशास्त्र और दर्शन जैसे विषय पढ़ाने का कार्य करता था।
छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल उन्मूलन और पुनर्वास नीति के तहत “विश्वास, विकास एवं सुरक्षा” की भावना का व्यापक प्रचार-प्रसार हो रहा है। “लोन वर्राटू” अभियान के तहत अब तक 190 इनामी नक्सलियों सहित कुल 851 माओवादी आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में जुड़ चुके हैं।

