जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में चोरों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। इस बार अज्ञात चोरों ने शहर के प्रसिद्ध दंतेश्वरी मंदिर को निशाना बनाते हुए देर रात बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर के पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और माता दंतेश्वरी के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें एक चोर के कैद होने की बात सामने आई है। इसके साथ ही चोरों की आवाजाही का पता लगाने के लिए शहर के अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो टूटे ताले, दरवाजे और अन्य साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच जारी है और जल्द ही चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं जांच के चलते मंदिर के कपाट फिलहाल आम श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं।