छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शादी के कार्यक्रम में नशीली दवा छिड़ककर चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। चोरों ने न केवल घर में मौजूद लोगों को लूट लिया, बल्कि शोर मचाने पर दुल्हन की भी पिटाई कर दी। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत शारदा विहार सामुदायिक भवन की है। यहां दुल्हन के परिवार में हल्दी की रस्म चल रही थी। इस दौरान पांच चोरों ने पहले नशीली दवा का छिड़काव किया। जैसे-जैसे घर वाले और मेहमान बेसुध हुए, चोरों ने नगदी और सोने-चांदी के जेवरात को खंगालना शुरू कर दिया।
इस बीच चोरों पर दुल्हन की नजर पड़ने पर उसने शोर मचाना शुरू किया। इस पर गुस्साए चोरों ने उसकी पिटाई कर दी और 50 हजार रुपए नगदी समेत सोने-चांदी के जेवरात लेकर भाग खड़े हुए। शादी में शामिल होने आए बहुत से लोगों को होश में आने के बाद घटना की जानकारी हुई।
पीडित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।