जामा मस्जिद में चोरी, नगदी के साथ CCTV कैमरे का हार्ड डिस्क ले उड़े चोर

खैरागढ़ में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात खैरागढ़ की जामा मस्जिद में चोरों ने सेंधमारी करते हुए करीब पचास हजार रुपये और दानपेटी पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, शातिर चोरों ने मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क भी चुरा ली।

व्यापारियों में दहशत

यह घटना शहर के मुख्य व्यापारिक केंद्र, गोल बाजार और सराफा बाजार के बीच स्थित जामा मस्जिद में हुई है। ऐसे में इस घटना से व्यापारियों में दहशत फैल गई है। स्थानीय व्यापारी नूपुर रॉय ने कहा, “जब भरे मार्केट में एक धर्म स्थल में चोरी हो सकती है तो ऐसे में हमारी दुकानें कैसे सुरक्षित रहेंगी?”

पुलिस की लापरवाही का आरोप

व्यापारी जमील मेमन ने बताया कि खैरागढ़ शहर का हृदय स्थल है और यहां सराफा बाजार के साथ-साथ कई बड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठान हैं। फिर भी यहां पर पुलिस के द्वारा कोई रायशुमारी या रात्रि गश्त नहीं होती है। पहले भी यहां चोरियां हो चुकी हैं लेकिन अब धार्मिक स्थलों पर भी चोरी हो रही है। इससे पुलिस की लापरवाही साफ जाहिर होती है।

पुलिस जांच में जुटी

मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष अरशद हुसैन ने थाना खैरागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई है और पुलिस मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।

You May Also Like

More From Author