Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

रायपुर रेलवे आरक्षण केंद्र में नकाबपोश चोर ने मचाया तांडव, सीसीटीवी घुमाकर उड़ाए चिल्लर

रायपुर/बिलासपुर। रेलवे स्टेशन के नए अग्रिम आरक्षण केंद्र (पीआरएस) में गुरुवार रात एक नकाबपोश चोर ने सेंध लगा दी। रात करीब तीन बजे चोर रोशनदान के रास्ते भीतर घुसा और सबसे पहले वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को ऊपर घुमा दिया, ताकि उसकी हरकतें रिकॉर्ड न हो सकें।

चोर ने टिकट काउंटरों के दराजों को खंगाला, जहां से उसे करीब पांच सौ रुपये के चिल्लर हाथ लगे। रकम लेकर वह मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि अमृत भारत योजना के तहत जोनल रेलवे स्टेशन में निर्माण कार्य जारी है, जिसके चलते पुराने आरक्षण केंद्र को हटाकर नए अस्थायी केंद्र में शिफ्ट किया गया था। यह केंद्र रेलवे टीटीई रेस्ट रूम के पास स्काउट एवं गाइड ऑफिस में चल रहा है।

गुरुवार देर रात चोर गमछे से चेहरा ढंककर रोशनदान से अंदर घुसा। उसकी आंखें ही नजर आ रही थीं। अंदर घुसते ही उसने चालाकी से कैमरों का रुख ऊपर कर दिया और फिर काउंटर दराजों को एक-एक कर खोलना शुरू कर दिया। दराजों में रखे छोटे नोट टिकट वितरण के लिए सुरक्षित रखे गए थे।

अब रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) चोर की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Exit mobile version