Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

धरसींवा में एफसीआई गोदाम से 24 क्विंटल धान चोरी, दीवार में छेद कर वारदात; तीन आरोपी गिरफ्तार

धरसींवा। रायपुर जिले के धरसींवा स्थित एफसीआई गोदाम से धान चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने गोदाम की दीवार में छेद कर करीब 24 क्विंटल धान की बोरियां पार कर दी थीं।

थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान के अनुसार, कृषक सेवा सहकारी समिति द्वारा वर्ष 2025-26 में किसानों से समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा गया था, जिसे सुरक्षित रखने के लिए एफसीआई गोदाम धरसींवा में रखा गया था। गोदाम में लगभग 3500 कट्टा धान की बोरियां रखी गई थीं। 8 मार्च की शाम निरीक्षण के दौरान करीब 60 बोरी धान गायब मिली, जिसके बाद मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई।

जांच में सामने आया कि 6 मार्च की रात से 8 मार्च के बीच अज्ञात चोरों ने गोदाम की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 24 क्विंटल धान चोरी कर लिया, जिसकी कीमत लगभग 74,400 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान ग्राम परसतराई के एक दुकानदार से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने साबीर खान को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों अमान खान और इरफान खान के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने 6 मार्च की रात करीब 11 बजे गोदाम की दीवार में छेद कर धान की 50 से 60 बोरियां चोरी करने की बात कबूली।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को 9 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।

Exit mobile version