राजिम। शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 2 फरवरी 2026 से तीन दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन प्रारंभ हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ संस्था प्रमुख प्राचार्य डॉ. श्रीमती सविता मिश्रा के निर्देशन में सरस्वती माता की पूजा-अर्चना एवं रिबन काटकर किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक आकाश बाघमारे एवं क्रीड़ा अधिकारी मनीष साहू के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के लिए तवा फेंक, गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद, 100 व 200 मीटर दौड़, कबड्डी, बैडमिंटन, क्रिकेट और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सविता मिश्रा ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ बनाते हैं तथा आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में स्वस्थ रहने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति की अध्यक्षा सुश्री छाया राही सहित समिति सदस्य, महाविद्यालय के वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक एवं शिक्षकगण तथा अतिथि व्याख्याता उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं में मोहित, जीतू, हरीश, खेमेश्वरी यादव, सोनम, चंचल, पूजा यादव, पायल ध्रुव, दीपेश, पिंटू, नीरज, तरुण, लुकेश्वरी, योगिता, प्रताप और धारणी सहित कई विद्यार्थियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा।

