मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में स्थित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में बाघों के दीदार के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। सैलानी उस वक्त रोमांचित हो उठे, जब उन्हें एसटीआर की सबसे चर्चित बाघिन मछली का दीदार हुआ। वह अपने तीन शावकों के साथ घूमते नजर आई, जिसे सैलानियों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। जो कि अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
टाइगर रिजर्व के चूरना और मल्लूपूरा में पर्यटकों को लुभाने वाली बाघिन मछली सतपुड़ा की सड़कों पर अपने तीनों शावकों के साथ घूमती दिखाई दी। बाघिन मछली के शावक अभी जगंलों की सड़कों पर अकेले घूमने में परिपक्व नहीं हुए हैं। तीनों शावक बाघिन के साथ रहकर शिकार करने के लिए सीख रहे हैं। बाघिन परिवार का यह सुंदर वीडियो एसटीआर प्रबंधन ने अपने सोशल मीडिया पेज पर भी शेयर किया है।
बता दें कि सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के चूरना में बाघिन मछली अक्सर अपने बच्चों के साथ खेलते और घूमते नजर आते रहती है। बाघिन मछली को पानी में तैरना बड़ा अच्छा लगता है। वह बहुत तेज गति से मछली की तरह पानी में तैरती है, जिसके कारण इसे पूरे सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में बाघिन मछली कहा जाता है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग बाघिन मछली और उसके शावकों की इस खूबसूरत तस्वीर को देखकर खुश हो रहे हैं। यह वीडियो न केवल पर्यटकों के लिए रोमांचक है, बल्कि यह बाघों के संरक्षण के महत्व को भी दर्शाता है।
यह एक अच्छी खबर है कि सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़ रही है। यह उम्मीद की जाती है कि आने वाले समय में और भी अधिक लोग इस अद्भुत जानवर को जंगल में घूमते हुए देख पाएंगे।

