बलरामपुर.बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में अवैध उत्खनन की जांच के दौरान हुई कथित मारपीट में 62 वर्षीय आदिवासी किसान की मौत हो गई, जबकि दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हैं। घटना कुसमी क्षेत्र की है।
घायलों के बयान के आधार पर कुसमी एसडीएम करुण डहरिया समेत चार लोगों के खिलाफ राजपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बताया गया कि जांच के दौरान ग्रामीणों पर अवैध खनन का आरोप लगाकर लाठी-डंडों से हमला किया गया। घायल ग्रामीणों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रामनरेश राम की मौत हो गई, जबकि अजीत उरांव और आकाश अगरिया का इलाज जारी है।
मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म है। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।

