रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने स्वीकार किया कि कांग्रेस सरकार के दौरान पीएम आवास योजना के कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो पाए थे। उन्होंने कहा कि उस समय वे विभागीय मंत्री थे और काम नहीं होने पर उन्होंने अपनी जिम्मेदारी को देखते हुए पद छोड़ने का फैसला किया था।
सिंहदेव का यह बयान भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की टिप्पणी के बाद सामने आया है। भाजपा का दावा है कि वर्तमान सरकार ने आवास योजना को गति देते हुए लाखों गरीब परिवारों के पक्के घरों का सपना पूरा किया है।
वहीं, भाजपा नेताओं ने सिंहदेव के बयान को कांग्रेस सरकार की विफलता का प्रमाण बताते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। इस मुद्दे को लेकर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है।

