धमतरी। खरीफ सीजन में खाद-उर्वरकों की कालाबाजारी और अनियमितताओं पर कार्रवाई करते हुए कृषि विभाग ने जिले की दो उर्वरक दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं, जबकि तीन विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर धमतरी और कुरूद विकासखंड में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान दो दुकानों में पीओएस मशीन और भौतिक स्टॉक में अंतर, साथ ही मूल्य और स्टॉक सूची प्रदर्शित नहीं करने जैसी अनियमितताएं मिलीं। इसके बाद दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए।
कृषि विभाग ने बताया कि 1 जुलाई से 31 अगस्त तक जिले में विशेष सतर्कता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जमाखोरी, कालाबाजारी और अधिक कीमत पर उर्वरक बेचने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

