गरियाबंद। छत्तीसगढ़ सरकार के नक्सल उन्मूलन अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। गरियाबंद जिले में दो सक्रिय माओवादियों ने हथियार डालकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वालों में SDK एरिया कमेटी का सदस्य संतोष उर्फ लालपवन और सीनापाली एरिया कमेटी की सदस्य मंजू उर्फ नंदे शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों नक्सलियों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। ये दोनों बस्तर जिले के निवासी हैं और वर्ष 2010 से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय थे। इस दौरान वे 10 से अधिक नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर दोनों ने हिंसा का रास्ता छोड़ने का फैसला किया। आत्मसमर्पण के बाद वे अब मुख्यधारा में लौटकर नया जीवन शुरू करेंगे। पुलिस और प्रशासन द्वारा आगे की पुनर्वास प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।