रायपुर। केंद्रीय बजट 2026-27 की तैयारियों के बीच केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने सोमवार को नई दिल्ली में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के समग्र आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्ताव सौंपे और इन्हें आगामी बजट में शामिल करने का आग्रह किया।
सांसद तोखन साहू ने कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को 100 प्रतिशत केंद्र पोषित करने की मांग की और इसे ऊर्जा सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने बिलासपुर में रेल वैगन निर्माण कारखाने की स्थापना का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि इससे राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही उन्होंने बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार और आधुनिकीकरण की जरूरत पर जोर दिया, ताकि बड़े विमानों का संचालन संभव हो सके।
तोखन साहू ने कहा कि ये तीनों परियोजनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘गति शक्ति’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ विजन के अनुरूप हैं और इनके क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए राज्य के विकास से जुड़ी योजनाओं पर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।