रायपुर। राजधानी के यूनियन क्लब में रजत जयंती समारोह, मेगा समर कैंप 2026 और छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग (सीटीपीएल) के समापन अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान टेनिस, बैडमिंटन और स्विमिंग समर कैंप के प्रतिभागियों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री खुशवंत साहेब, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने यूनियन क्लब की 25 वर्षों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसे खेल प्रतिभाओं को निखारने वाला प्रमुख संस्थान बताया।
समारोह में छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग की विजेता और उपविजेता टीमों को भी ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजन समिति के अनुसार यूनियन क्लब का समर कैंप प्रदेश का सबसे बड़ा समर कैंप है, जिसमें हर वर्ष करीब 1500 बच्चे प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।

