Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

पीएम मोदी से प्रेरित होकर तोखन साहू ने घटाई काफिले की गाड़ियों की संख्या

रायपुर। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने अपने सुरक्षा काफिले में शामिल फॉलोअप और अन्य वाहनों की संख्या कम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरित होकर लिया है, जिन्होंने हाल ही में सादगी, ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग का संदेश देते हुए अपने काफिले में वाहनों की संख्या सीमित रखने की पहल की थी।

तोखन साहू ने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक परिस्थितियों और ऊर्जा संरक्षण की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए संसाधनों का संतुलित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशहित में की गई सात महत्वपूर्ण अपीलों का वे पूरी तरह पालन करेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने लोगों से जहां संभव हो वहां ‘वर्क फ्रॉम होम’ को प्राथमिकता देने, खाद्य तेल के उपयोग में कमी लाने, एक वर्ष तक विदेश यात्रा से बचने, पेट्रोल-डीजल की खपत कम कर सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने, विदेशी वस्तुओं के बजाय स्वदेशी उत्पाद अपनाने, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता घटाकर प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और एक वर्ष तक सोना खरीदने से बचने की अपील की है।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रहित में सादगी, आत्मनिर्भरता, ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन बनाना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से भी प्रधानमंत्री की इन जनहितकारी अपीलों का पालन करते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।

Exit mobile version