Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

रेलवे स्टेशन पर हड़कंप! केंद्रीय मंत्री के जीजा लापता

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन की आरपीएफ में उस समय हड़कंप मच गया जब केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने रेल मंत्रालय में अपने जीजा के गुम होने की सूचना दी। यह खबर आग की तरह फैली और बिलासपुर से लेकर नागपुर रेल मंडल तक सभी आरपीएफ अधिकारियों में खलबली मच गई। आरपीएफ के पूरे सिस्टम को इस घटना ने हिला कर रख दिया।

केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के रिश्तेदार राजेश कुमार साहू, जो रिश्ते में उनके जीजा लगते हैं, अपने परिवार के साथ राजधानी एक्सप्रेस से बिलासपुर आ रहे थे। गोंदिया रेलवे स्टेशन पर वे पानी की बोतल लेने के लिए ट्रेन से उतरे। तभी स्टेशन पर दूसरी ट्रेन, इंटरसिटी एक्सप्रेस, भी आ गई। राजेश कुमार गलती से इंटरसिटी एक्सप्रेस में चढ़ गए, जबकि उनकी राजधानी एक्सप्रेस छूट गई।

जब उनके परिवार के सदस्यों ने देखा कि राजेश ट्रेन में नहीं हैं, तो उन्होंने तुरंत केंद्रीय मंत्री को इसकी सूचना दी। मंत्री ने तुरंत रेल मंत्रालय को जानकारी दी, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों को अलर्ट किया गया। देखते ही देखते यह मैसेज पूरे जोन में फैल गया, और सभी आरपीएफ अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।

गोंदिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। फुटेज में यह स्पष्ट हुआ कि राजेश कुमार गलती से इंटरसिटी एक्सप्रेस में चढ़ गए थे। उनकी पहचान उनके कपड़ों के आधार पर की गई। रायपुर आरपीएफ ने तुरंत अपनी विशेष टीम को उन्हें ढूंढने के लिए तैनात किया। हालांकि, रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ के कारण उन्हें खोजने में असफलता मिली।

इसके बाद ट्रेन जब तिल्दा रेलवे स्टेशन पहुंची, तब आरपीएफ के अधिकारियों ने राजेश कुमार को ट्रेन के अंदर ढूंढ निकाला। उनकी सुरक्षित पहचान होने के बाद आरपीएफ अधिकारियों ने राहत की सांस ली। पूछताछ के बाद रविवार को उन्हें बिलासपुर लाया गया, और इसके साथ ही इस घटना का समापन हुआ।

Exit mobile version