रायपुर: धरसींवा-तिल्दा मार्ग पर किरण गांव के सामने आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने सड़क पर चल रहे डेढ़ दर्जन गौवंश को रौंद दिया। इस हादसे में सभी गौवंशों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा पुलिस मौके पर पहुंच गई।
हादसे के बाद पूरी सड़क गौवंशों के खून से लाल हो गई। लगभग आधा किलोमीटर तक सड़क पर गौवंशों के शव बिखरे पड़े हैं। इस घटना से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धरसींवा-तिल्दा मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार से वाहन दौड़े जाते हैं। औद्योगिक इकाइयों के बनने के बाद से यह मार्ग काफी व्यस्त हो गया है। लेकिन, इन इकाइयों से निकलने वाले वाहन अक्सर तेज रफ्तार में होते हैं। जिसके कारण अक्सर दुर्घटनाएं हो जाती हैं।
पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह रही है। साथ ही पुलिस तेज रफ्तार वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दे रही है।