रायपुर। संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ की ओर से 14 अगस्त को रायपुर के मुक्ताकाशी मंच पर ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे शुरू होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता फिल्मकार और चाणक्य फेम डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी होंगे, जिन्होंने भारत विभाजन पर आधारित फिल्म पिंजर का निर्देशन किया है।
इस दौरान विभाजन की त्रासदी और उस दौर के संघर्षों को याद करते हुए प्रदर्शनी एवं स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सिंधी, पंजाबी और बंगाली समाज के प्रतिनिधि विभाजन से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे। कार्यक्रम में प्रभावित परिवारों के साथ स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।



