रायपुर: लंबे समय से प्रतीक्षित विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विभिन्न विकास प्राधिकरणों में उपाध्यक्षों की नियुक्ति की है। जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के प्रमुख विकास प्राधिकरणों जैसे बस्तर विकास प्राधिकरण, सरगुजा विकास प्राधिकरण, मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण और पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण में नए उपाध्यक्षों को नियुक्त किया गया है।
विधायकों को मिली बड़ी जिम्मेदारी:
राज्य सरकार द्वारा की गई इस नियुक्ति में विधायकों को प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरगुजा विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष का जिम्मा विधायक गोमती साय को सौंपा गया है। बस्तर विकास प्राधिकरण का नेतृत्व विधायक लता उसेंडी करेंगी। मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण में मरवाही के विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची को उपाध्यक्ष बनाया गया है। अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण में विधायक गुरु खुशवंत साहेब को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर को सौंपी गई है।
विकास कार्यों में तेजी लाने की उम्मीद:
इन नियुक्तियों से संबंधित क्षेत्रों के विकास कार्यों में तेजी लाने की उम्मीद है। इन नए उपाध्यक्षों के पास अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के लिए विस्तृत योजनाएं बनाने और उन्हें क्रियान्वित करने की जिम्मेदारी होगी। वे स्थानीय लोगों की आकांक्षाओं को समझेंगे और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य करेंगे।
