रायपुर: राजधानी रायपुर में एक पुलिसकर्मी का नशे में धुत होकर सड़क पर सोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना आमानाका ब्रिज के पास की बताई जा रही है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि वर्दीधारी पुलिसकर्मी सड़क किनारे गंदगी में बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है।
‘निजात’ अभियान के विपरीत
यह घटना रायपुर पुलिस के ‘निजात’ अभियान के लिए एक बड़ा झटका है। इस अभियान के तहत पुलिस नशे के खिलाफ मुहिम चला रही है और नशाखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। लेकिन खुद एक पुलिसकर्मी का इस तरह का वीडियो सामने आना विभाग के लिए शर्मनाक है।
कौन है यह पुलिसकर्मी?
सरस्वती नगर थाना प्रभारी के अनुसार, यह पुलिसकर्मी भिलाई का रहने वाला है और माना में पदस्थ है। कल यह पुलिसकर्मी साइंस कॉलेज में आयोजित भीम आर्मी सेना के कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात था।
विभागीय कार्रवाई की तैयारी
पुलिस विभाग इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।

