रायपुर: राज्यसभा की रिक्त हो रही 10 राज्यों की 37 सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होना है। इस चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने विभिन्न राज्यों में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को बिहार का केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है।
भाजपा ने बिहार के साथ-साथ हरियाणा और ओडिशा के लिए भी केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव होना है, जहां छह उम्मीदवार मैदान में हैं। एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री और जदयू नेता नीतीश कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, भाजपा नेता नितिन नवीन, पूर्व विधायक शिवेश कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल ने एडी सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
बिहार में पांचवीं सीट को लेकर मुकाबला रोचक हो गया है, जिसके चलते चुनाव की स्थिति बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को भी बिहार का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
इसके अलावा हरियाणा के लिए गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी और ओडिशा के लिए महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को केंद्रीय पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

