रायपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा के लिए छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया गया। सत्र के बाद भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच महिला आरक्षण को लेकर तीखी बयानबाजी देखने को मिली।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने महिलाओं के लिए ठोस काम नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में जब यह बिल लाया गया, तब कांग्रेस ने उसका विरोध किया और अब अलग रुख अपना रही है।
वहीं कांग्रेस विधायक रामकुमार यादव ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को सम्मान और नेतृत्व के अवसर दिए हैं। उन्होंने कहा कि देश को पहली महिला प्रधानमंत्री कांग्रेस ने दी, जबकि भाजपा की विचारधारा से जुड़ी संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी सीमित है। उन्होंने भाजपा पर महिलाओं के मुद्दों पर दिखावा करने का भी आरोप लगाया।

