महासमुंद। गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए शहर में पानी की आपूर्ति को लेकर नई व्यवस्था लागू की गई है। अब नगर पालिका ने लोगों को राहत देने के लिए दिन में तीन बार पानी सप्लाई करने का फैसला किया है।
12 मार्च से शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत शहर के 30 वार्डों में सुबह 6 बजे, दोपहर 2 बजे और शाम 7 बजे पानी की आपूर्ति की जाएगी। नगर में मौजूद 7 पानी टंकियों के माध्यम से यह सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी।
नगर पालिका का कहना है कि बढ़ती गर्मी और पानी की मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि किसी भी इलाके में पानी की कमी न हो और लोगों को पर्याप्त पानी मिल सके।
वहीं बैठक के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने जल संरक्षण और समान वितरण पर जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि नलों में टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिकायत मिलने पर पंप जब्त करने के साथ जल कनेक्शन भी काटा जा सकता है।