Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी

Chhattisgarh Weather

Chhattisgarh Weather

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ली है और इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश के कई हिस्सों में आज गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। खासकर बस्तर और सरगुजा संभागों में वर्षा के आसार हैं। कुछ क्षेत्रों में अंधड़ चलने और वज्रपात की भी चेतावनी है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी पांच दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान रायपुर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि अगले चार दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान स्थिर रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक एस.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में एक चक्रीय चक्रवात सक्रिय है, जो 4.5 से 9.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके साथ ही पूर्व-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण द्रोणिकाएं भी सक्रिय हैं, जिनके चलते छत्तीसगढ़ में बारिश और तूफान की स्थिति बनी हुई है।

इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, राजनांदगांव और कबीरधाम जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटा), मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना जताई गई है।

रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Exit mobile version