छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला: रायपुर में गर्मी बरकरार, 19 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम ने करवट ले ली है। बारिश और ठंडी हवाओं ने गर्मी से कुछ राहत जरूर दी है, लेकिन तापमान अभी भी ऊंचा बना हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आज भी बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना जताई है। आने वाले 5 दिनों तक बस्तर समेत दक्षिणी इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।

गुरुवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान रायपुर में 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, एक द्रोणिका पश्चिम बंगाल, सिक्किम होते हुए दक्षिण-पूर्व मध्यप्रदेश से होकर छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रही है, जो करीब 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक सक्रिय है। इसके प्रभाव से प्रदेश में तेज हवाएं, बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं।

19 जिलों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों में 40–60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज आंधी, बिजली गिरने और बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं येलो अलर्ट में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया जैसे 19 जिले शामिल हैं, जहां 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने और मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना है।

रायपुर में आज का मौसम

राजधानी रायपुर में आज आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने 19 मई तक अधिकतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव और उसके बाद गिरावट की संभावना जताई है।

You May Also Like

More From Author