रायपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के दुलदुला से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति की हत्या कर दी और शव को सूटकेस में भरकर भागने की कोशिश की। मामले की जानकारी मिलते ही जशपुर पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपित पत्नी ट्रेन से फरार हो रही है।
इस सूचना पर जशपुर एसपी ने तुरंत रायपुर जीआरपी को जानकारी दी। लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पता लगाया गया कि महिला जिस ट्रेन में है, वह महाराष्ट्र के नासिक क्षेत्र में प्रवेश करने वाली है। इसके बाद रायपुर जीआरपी ने पूरी सूचना आरपीएफ को भेजी। इनपुट के आधार पर आरपीएफ ने मनमाड़ रेलवे स्टेशन पर महिला को हिरासत में ले लिया।
सूत्रों के अनुसार, महिला शव को सूटकेस में पैक कर ले जाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन इसे जशपुर में ही कहीं छोड़कर निकल गई थी। अब इस पूरे मामले को लेकर जशपुर पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा करेगी।