कोरबा. जिले में जंगली हाथियों के आतंक की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आज सुबह करीब 6 बजे एक घायल हाथी जंगल से निकलकर करतला बस्ती के पास महाविद्यालय के सामने पहुंच गया। हाथी को देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भय का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने किया हाथी को भगाने का प्रयास
हाथी को गांव में घुसने से रोकने के लिए सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हो गए। उन्होंने ट्रैक्टर और बाइक चालू कर, साथ ही जोर-जोर से टीपा बजाकर हाथी को भगाने की कोशिश की। ग्रामीणों की कोशिशों के बाद हाथी गांव से दूर जंगल की ओर चला गया।
वन विभाग और पुलिस की सतर्कता
हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने ग्रामीणों को हाथी के करीब जाने से रोका और स्थिति पर नजर बनाए रखी। वन विभाग ने घायल हाथी की निगरानी शुरू कर दी है।
