कटघोरा वन मंडल के कोरबी-चोटिया मार्ग पर आधा दर्जन से अधिक जंगली हाथियों ने हंगामा मचा दिया. हाथियों को सड़क पार करते हुए देखकर वहां जाम लग गया और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई. लोगों ने इस नजारे को अपने मोबाइल में कैद कर लिया.
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को आवाजाही करने से रोक दिया गया.
हाथी अलग-अलग झुंड में इस इलाके में विचरण कर रहे हैं. कभी सड़क के इस पार तो कभी उस पार नजर आ रहे हैं. यह नजारा पिछले तीन-चार दिनों से लगातार देखा जा रहा है.
हाथियों के झुंड ने गांव से महज 500 मीटर की दूरी पर डेरा जमाया हुआ है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है.
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को सतर्कता बरतने की हिदायत दी है. साथ ही, ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि वे शाम होते ही जंगल की ओर न जाएं और हाथियों से किसी भी तरह का छेड़छाड़ न करें.
हाथियों के झुंड में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं.
वन विभाग द्वारा बचाव कार्य जारी है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे हाथियों के नजदीक न जाएं और यदि वे सड़क पर दिखाई दें तो धैर्य से उनका रास्ता छोड़ दें.