Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

कांकेर: विधायक सहायक के घर में घुसा तेंदुआ, रेस्क्यू के बाद जंगल की ओर भागा, इलाके में दहशत

कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब ग्राम बागडोंगरी स्थित क्षेत्रीय विधायक सावित्री मंडावी के निज सहायक मोहन मंडावी के घर में एक तेंदुआ घुस आया। तेंदुए को घर में देखते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब एक बजे की है। तेंदुए के घर में घुसने की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जो करीब दो घंटे तक चला।

इस दौरान वन विभाग की टीम ने आसपास के ग्रामीणों को सतर्क किया और घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी। टीम लगातार तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटी रही। आखिरकार राहत की बात यह रही कि तेंदुआ खुद ही बाहर निकलकर जंगल की ओर भाग गया।

गौरतलब है कि कांकेर जिले में बीते कुछ समय से जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है। तेंदुए और भालुओं के रिहायशी इलाकों में पहुंचने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है।

Exit mobile version