दुर्ग। भिलाई के चंद्रा–मौर्या अंडरब्रिज के पास बोरे में मिली महिला की लाश की पहचान पुलिस ने कर ली है। सुपेला थाना पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान भारती निर्मलकर के रूप में हुई है, जो कोसा नगर, सुपेला की रहने वाली थी। महिला के हाथ में गोदना से लिखे नामों को पुलिस ने सार्वजनिक किया था, जिसके बाद उसका लिव-इन पार्टनर थाने पहुंचा और पहचान की पुष्टि की।
पुलिस ने मामले में तीन संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि 12 दिसंबर की सुबह चंद्रा–मौर्या अंडरब्रिज के पास नाली में बोरे में बंद सड़ी-गली महिला की लाश मिली थी। मृतका के हाथ पर गोदना से लखन, सुरेश, महादेव और आरती नाम लिखे हुए थे। बाद में महिला के मायके पक्ष के परिजनों ने भी उसकी पहचान की पुष्टि की।
परिजनों के अनुसार भारती निर्मलकर को आखिरी बार 4 दिसंबर को एक कार्यक्रम में अपने लिव-इन पार्टनर के साथ देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए दुर्ग पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और बिलासपुर समेत कई जिलों की गुमशुदगी रिपोर्ट खंगाली और स्पा सेंटर्स में काम करने वाली महिलाओं की भी जानकारी जुटाई। अंततः हाथ में बने गोदना से ही महिला की पहचान संभव हो पाई।
सुपेला पुलिस का कहना है कि तीनों संदेहियों से गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।