गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महिला नगर सैनिक ओमिका ध्रुव (32 वर्ष) की उनके ही पति सोहन साहू ने गला दबाकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना के बाद आरोपी पति खुद पाण्डुका थाना पहुंचा और पुलिस को हत्या की जानकारी दी। प्रारंभिक जांच में चरित्र शंका को हत्या की वजह बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है।
बाइक से लौटते वक्त हुआ विवाद, बीच रास्ते में हत्या
जानकारी के अनुसार, ओमिका ध्रुव कस्तूरबा हॉस्टल गरियाबंद में नगर सैनिक के पद पर पदस्थ थीं। वह पिछले एक सप्ताह से अपने मायके मुरमुरा गांव में रह रही थीं। बुधवार को वह ड्यूटी पर वापस लौट रही थीं, तभी उनके पति सोहन साहू उन्हें बाइक से हॉस्टल छोड़ने जा रहा था।
गांव से लगभग 10 किमी दूर पहुंचते ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ। इसी दौरान सोहन ने ओमिका का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस को महिला के गले पर नाखून के निशान भी मिले हैं, जिससे गला दबाने की पुष्टि होती है।
प्यार से शुरू हुआ था रिश्ता, दर्दनाक मोड़ पर खत्म
बताया जा रहा है कि करीब 10 साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो छोटे बच्चे भी हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से सोहन को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते अक्सर दोनों में झगड़े होते रहते थे।
थाना प्रभारी जयप्रकाश नेताम ने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





