Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

प्रेम में अंधी युवती ने रची मंगेतर के अपहरण की साजिश, नागपुर से पकड़े गए तीन आरोपी

दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही मंगेतर के अपहरण की साजिश रच डाली। हालांकि मंगेतर की सूझबूझ से उसकी जान बच गई और वह अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भाग निकला। पुलिस ने इस मामले में युवती समेत तीन आरोपियों को नागपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

घटना 18 अप्रैल की रात की है। टोकेश साहू अपने दोस्त भूपेंद्र यादव के साथ भिलाई से जामुल की ओर मोटरसाइकिल से जा रहा था। जैसे ही वे बोगदा पुलिया के पास पहुंचे, एक कार में सवार 3-4 युवकों ने उन्हें रोका, टोकेश से मारपीट की और जबरन उसे कार में बैठाकर बेमेतरा की ओर ले गए। मौके की नजाकत भांपते हुए टोकेश ने किसी तरह उनके चंगुल से भाग निकलने में कामयाबी हासिल की।

भूपेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस नागपुर पहुंची, जहां से मुख्य आरोपी दुर्गेश साहू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दुर्गेश, हेमकुमारी साहू उर्फ हेमा से प्रेम करता है, जिसकी शादी टोकेश से तय हुई थी। हेमा इस रिश्ते से नाखुश थी और उसने ही टोकेश की फोटो और जानकारी दुर्गेश को भेजी थी।

इसके बाद दुर्गेश ने अपने साथियों अमित वर्मा उर्फ राजा और बंटी के साथ मिलकर नागपुर से क्रेटा कार में जामुल आकर अपहरण की योजना को अंजाम दिया। पुलिस ने हेमा, दुर्गेश और अमित को नागपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। चौथा आरोपी बंटी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला प्रेम-प्रसंग से उपजे षड्यंत्र का है, जिसमें युवती ने शादी से बचने के लिए प्रेमी संग मिलकर मंगेतर को रास्ते से हटाने की कोशिश की। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही गई है।

Exit mobile version