रायपुर। होली के बाद पहले ही कार्य दिवस पर रायपुर नगर निगम कार्यालय में कामकाज प्रभावित रहा। गुरुवार को कई विभागों में अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित रहे, जिससे कार्यालयों की कुर्सियां खाली दिखाई दीं।
कार्यालय पहुंचे लोगों ने बताया कि वे अपने जरूरी काम के लिए आए थे, लेकिन अधिकांश कक्ष बंद मिले और कई जगह ताले लटके हुए थे। कुछ कर्मचारी थोड़ी देर के लिए आए भी, लेकिन दोपहर तक अधिकांश लोग गायब हो गए। इससे नाराज नागरिकों ने निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
लोगों का कहना है कि जब 5 मार्च को अवकाश नहीं था, तो अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में क्यों मौजूद नहीं थे। कई लोग दूर-दराज से आए थे, लेकिन काम न होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा।
इस मामले में महापौर मीनल चौबे से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अब नागरिकों ने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

