रायपुर। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और विभिन्न श्रमिक संगठनों के संयुक्त आव्हान पर मंगलवार को राष्ट्रीय मांग दिवस मनाया गया। इस दौरान राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक में श्रमिकों और कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन कर नोएडा समेत दिल्ली-एनसीआर में गिरफ्तार मजदूरों की रिहाई की मांग उठाई।
विरोध सभा को संबोधित करते हुए ट्रेड यूनियन नेताओं ने कहा कि देशभर के श्रमिक कम मजदूरी, ठेका प्रथा, असुरक्षित कार्य परिस्थितियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मजदूरों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान न्यूनतम मजदूरी 26 हजार रुपये प्रतिमाह करने, 8 घंटे कार्यदिवस लागू करने, ठेका श्रमिकों को समान वेतन और सुविधाएं देने, श्रम संहिताएं वापस लेने और गिरफ्तार श्रमिकों की बिना शर्त रिहाई की मांग की गई।
साथ ही एलपीजी सिलेंडर और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण लगाने तथा बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शन में विभिन्न ट्रेड यूनियनों और कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।

